हिमाचल में पंचायत व निकाय चुनाव की तैयारी तेज, 20 अप्रैल के बाद हो सकती है घोषणा

17 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य चुनाव आयोग 20 अप्रैल के बाद चुनाव की घोषणा कर सकता है।

राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने सभी जिलों के डीसी और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। जानकारी के अनुसार पंचायत चुनाव तीन चरणों में, जबकि नगर निकाय चुनाव एक ही चरण में करवाए जा सकते हैं।

बैठक में मतदान केंद्रों की व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, सुरक्षा प्रबंध, मतदाता सूची, चुनाव सामग्री और आचार संहिता समेत करीब 20 अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई। निष्पक्ष चुनाव के लिए करीब 50 हजार कर्मचारियों की तैनाती संभव है।

चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी, जिसके बाद सरकार नई घोषणाएं नहीं कर सकेगी और तबादले भी चुनाव आयोग की अनुमति से ही होंगे।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार राज्य में 31 मई से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी की जानी है, जिसके चलते जल्द ही चुनाव कार्यक्रम घोषित होने की संभावना है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *