17 अप्रैल: हमीरपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8.49 ग्राम चिट्टे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी कार में नशे की खेप लेकर जा रहा था, जिसे पुलिस ने जाल बिछाकर दबोच लिया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रोहलवी क्षेत्र का एक युवक कार में चिट्टा लेकर ताल की ओर जा रहा है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुमाना (ताल) के पास सिविल ड्रेस में नाकाबंदी की।
जैसे ही संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा, चालक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस की सख्ती के चलते वह घबरा गया और वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से नीचे उतर गई। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अंकुर ठाकुर (37) निवासी रोहलवी, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार को भी जब्त कर लिया है।
मामले की पुष्टि एएसपी राजेश उपाध्याय ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।