17 अप्रैल: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ कुल्लू ने मंडी जिले में दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। एक मामले में युवक से चरस बरामद की गई, जबकि दूसरे में अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया।
पहली कार्रवाई में एसटीएफ टीम ने बिंद्रावणी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके बैग से 639 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान आयुष (20) निवासी जिया, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पधर क्षेत्र के गांव बल्ह में गुप्त सूचना के आधार पर दबिश दी गई, जहां अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। टीम ने मौके पर 1895 अफीम के पौधे बरामद कर उन्हें नष्ट कर दिया।
इस मामले में थाना पधर में केस दर्ज कर लिया गया है और जमीन की निशानदेही के बाद आरोपियों की पहचान की जाएगी।
एसटीएफ कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।