17 अप्रैल: जिला सोलन पुलिस की एसआईयू टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चिट्टा और मेथाम्फेटामाइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी परवाणू के एक निजी होटल में आयोजित पार्टी में नशे की सप्लाई देने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल की मध्यरात्रि को एसआईयू टीम ने परवाणू क्षेत्र में नाका लगाया हुआ था। इस दौरान संदेह के आधार पर एक ब्रेजा कार को रोका गया, जिसमें हरियाणा के नारायणगढ़ निवासी दो व्यक्ति सवार थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 11.45 ग्राम चिट्टा और 3.56 ग्राम मेथाम्फेटामाइन बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे होटल पार्टी में नशे की सप्लाई देने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कार को भी जब्त कर लिया है।
इस संबंध में थाना परवाणू में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसपी सोलन अभिषेक शेखर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क की जांच की जा रही है।