13 अप्रैल, चंडीगढ़/बीबीएन (कविता एस गौतम):
महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल, एमडीएवी भवन, दरिया में बैसाखी पर्व के उपलक्ष्य में पोस्टर मेकिंग एक्टिविटी का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
छात्रों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से बैसाखी के महत्व, परंपराओं और सांस्कृतिक रंगों को खूबसूरती से दर्शाया। रंग-बिरंगे पोस्टरों में फसल कटाई के इस पावन पर्व की खुशी, समृद्धि और उत्साह की झलक साफ नजर आई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनकी रचनात्मक क्षमताओं को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर स्कूल की वाइस प्रिंसिपल डॉ. अंजू मोदगिल ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ-साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति जुड़ाव भी मजबूत होता है।