13 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के अंतर्गत उपमंडल नादौन के जलाड़ी क्षेत्र में शनिवार को एक घर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहां टेंट लगाने का कार्य कर रहे दो युवक बिजली की लाइन की चपेट में आकर झुलस गए।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक जलाड़ी में एक निजी समारोह के लिए टेंट की व्यवस्था कर रहे थे। टेंट को मजबूती देने के लिए जब उन्होंने एक रस्सी को दूसरी ओर फेंका, तो वह पास से गुजर रही बिजली की नंगी तारों से टकरा गई। रस्सी के माध्यम से करंट तेजी से प्रवाहित हुआ और दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि दोनों युवक नीचे गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया। अचानक हुई इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल में उपचार कर रहे चिकित्सकों के अनुसार करंट लगने से युवकों के हाथों, बाजुओं और टांगों पर गहरे जख्म आए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।