सिरमौर में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका; जांच जारी

12 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के माजरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नया गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान गुड़िया देवी पत्नी मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के पटना की रहने वाली थी और वर्तमान में नया गांव माजरा में रह रही थी।

पुलिस के अनुसार, महिला द्वारा घर पर ही जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। जैसे ही परिजनों को इसकी जानकारी मिली, वे उसे तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन रेफर कर दिया।

हालांकि, नाहन ले जाते समय रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही माजरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगामी कार्रवाई शुरू की।

मृतका के पति मुकेश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि महिला ने गुस्से में यह कदम उठाया था। उन्होंने किसी भी व्यक्ति पर संदेह नहीं जताया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिरमौर एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। शुरुआती चिकित्सकीय जांच में शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *