2 अप्रैल: कांगड़ा मंदिर रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेन शेल्टर में एक अज्ञात व्यक्ति के मृत मिलने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने व्यक्ति को अचेत अवस्था में देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच की तो पता चला कि यह व्यक्ति पिछले करीब एक महीने से इलाके में घूम रहा था और कभी-कभी लोगों से भिक्षा मांगते हुए भी देखा गया था। उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है और प्रथम दृष्टि में वह किसी अन्य राज्य का प्रतीत होता है।
पुलिस द्वारा जांच के दौरान उसके शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए। इसके बाद उसे उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है। साथ ही, व्यक्ति की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है।