13 नवम्बर: विधानसभा क्षेत्र 40-नादौन में निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाता साक्षरता क्लबों (ईएलसी) के सहयोग से निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भूंपल की पलक ठाकुर ने प्रथम, रैल की अनन्या ने द्वितीय और गर्ल्स स्कूल नादौन की खुशी ने तृतीय स्थान हासिल किया। सीनियर सेकेंडरी स्कूल नादौन की अक्षिता चौथे और जलाड़ी की वर्षा ठाकुर पांचवें स्थान पर रहीं।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में रैल के आशीष ने पहला, बदारन की आयुषी ने दूसरा और नादौन स्कूल के अक्षय कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। बलडूहक की मानसी चौथे और नादौन के यजनेश कुमार पांचवें स्थान पर रहे।
एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी निशांत शर्मा ने दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले 10 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने बताया कि ये सभी विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।