18 मार्च: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र में बिजली बोर्ड के एक एसडीओ के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना माजरा थाना क्षेत्र की है, जहां ड्यूटी से लौट रहे अधिकारी पर तीन लोगों ने हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार, गिरीनगर पावर हाउस में तैनात सहायक अभियंता रणजीत सिंह 16 मार्च की रात अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बैठे तीन व्यक्तियों ने उनके चेहरे पर टॉर्च की रोशनी डाली। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया।
हमले में अधिकारी को सिर पर चोटें आईं और उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
एसपी सिरमौर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।