हमीरपुर में तंबाकू बिक्री पर सख्ती, स्कूलों के 100 मीटर दायरे में बिक्री करने वालों पर होगी कार्रवाई

12 नवम्बर: जिला हमीरपुर में शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अभिषेक गर्ग ने संबंधित विभागों को सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

वीरवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 की समीक्षा करते हुए एडीसी ने कहा कि किसी भी तरह के तंबाकू उत्पाद की बिक्री के लिए लाइसेंस अनिवार्य है। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों और युवाओं को तंबाकू उत्पाद बेचना तथा शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में इनकी बिक्री करना कानूनी अपराध है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान और खुली सिगरेट की बिक्री पर भी कार्रवाई का प्रावधान है।

एडीसी ने सभी संबंधित विभागों को इन नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करने, नियमित निरीक्षण करने और अधिक से अधिक चालान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों, अन्य संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाए। शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य भी अपने संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों के चालान कर सकते हैं।

अभिषेक गर्ग ने बताया कि जिला में पुलिस ने इस वर्ष 31 अक्तूबर तक कोटपा अधिनियम के उल्लंघन पर 3,689 चालान किए हैं और 3.78 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है। अकेले अक्तूबर माह में 340 चालान करके 37 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

गौरतलब है कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से 28 अक्तूबर से 26 दिसंबर तक तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 चलाया जा रहा है। जिला में इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य, पुलिस, शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, सूचना एवं जनसंपर्क तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं।

बैठक में सीएमओ डॉ. सतीश कुमार फोतेदार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री, नगर निगम आयुक्त राकेश शर्मा, एएसपी राजेश कुमार, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *