मतदाता जागरूकता के लिए 18 नवंबर को हमीरपुर में होंगी जिला स्तरीय निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं

12 नवम्बर: विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला हमीरपुर में निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में 18 नवंबर को शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार शिक्षण संस्थानों में गठित मतदाता साक्षरता क्लबों (ईएलसी) के माध्यम से इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। पहले शिक्षण संस्थानों और फिर जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के स्तर पर प्रतियोगिताएं करवाई गई हैं। अब प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी के 10-10 शीर्ष प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।

वीरवार को एडीसी अभिषेक गर्ग ने निर्वाचन विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में दोनों श्रेणियों के 10-10 शीर्ष प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

बैठक में निर्वाचन विभाग के तहसीलदार विजय शर्मा, सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा, स्कूल की प्रधानाचार्य दीप्ति राणा, नायब तहसीलदार बलवंत सिंह और डॉ. ललित कुमार, अधीक्षक कमलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *