15 मार्च: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा पतलीकूहल के माहिली क्षेत्र के पास हुआ। मृतक की पहचान योग राज ठाकुर (पुत्र राज कुमार) निवासी गांव वंदला, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि योग राज सुबह करीब 6:30 बजे मोटरसाइकिल पर नग्गर की ओर जा रहा था।
माहिली के पास एक तीखे मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क से नीचे जा गिरा। नीचे गिरने के बाद बाइक एक मकान के पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पतलीकूहल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि माहिली का यह मोड़ काफी खतरनाक है। ग्रामीणों ने प्रशासन से यहां क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।