14 मार्च: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक शिक्षक ने छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार किया। स्कूल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में अभिभावकों और स्थानीय लोगों में रोष देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार यह मामला उस समय सामने आया जब छात्रा ने घर जाकर अपने पिता को पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद पिता ने तुरंत स्कूल के प्रधानाचार्य और यौन उत्पीड़न निवारण समिति के अध्यक्ष को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने इसकी सूचना जिला शिक्षा उप-निदेशक को भी दी।
उच्च अधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद प्रधानाचार्य ने पुलिस चौकी नकरोड़ में आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में बताया गया है कि शिक्षक ने छात्रा को गलत तरीके से स्पर्श किया।
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज कर आगे की जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।