13 मार्च, अभिषेक मिश्रा: बिलासपुर जिला ट्रक ऑपरेटर्स ट्रांसपोर्ट सहकारी सभा लिमिटेड के निर्वाचित सदस्यों ने ट्रांसपोर्टरों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर चिंता जताई है। इस संबंध में 3 मार्च 2026 को हनुमान टिल्ला बिलासपुर में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष जीत राम गौतम ने की।
बैठक में अनिल हैप्पी, कमल किशोर, संतोष ठाकुर, जय सिंह, शेर सिंह, कश्मीर सिंह, प्रदीप ठाकुर, राकेश ठाकुर और कुलदीप ठाकुर सहित कई सदस्य मौजूद रहे। सभी ने ट्रांसपोर्टरों पर बढ़ते खर्चों को लेकर सरकार से राहत देने की मांग की।
सदस्यों का कहना है कि एसीसी बरमाना से सीमेंट और क्लिंकर की ढुलाई का काम वर्षों से स्थानीय ट्रांसपोर्टर कर रहे हैं और इससे सैकड़ों परिवारों की आजीविका जुड़ी है। लेकिन अब वाहनों पर एंट्री टैक्स और एनएचएआई टोल दोनों लगने से ट्रांसपोर्टरों पर डबल आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि 1 अप्रैल 2026 से एंट्री टैक्स बढ़ाने के फैसले से स्थिति और कठिन हो जाएगी। साथ ही सिविल सप्लाई परिवहन भाड़े की दरों में लंबे समय से कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि डीजल और अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं।
सभा के सदस्यों ने सरकार से एंट्री टैक्स वृद्धि का निर्णय वापस लेने, डबल टोल व्यवस्था खत्म करने और परिवहन भाड़े की दरों की समीक्षा करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर ट्रांसपोर्ट समुदाय आंदोलन के लिए मजबूर होगा।