ऊना के चांदपुर में क्रिकेट प्रतियोगिता में पहुंचे डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, विजेता टीम को 51 हजार देने की घोषणा

12 नवम्बर: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के युवा खेल गतिविधियों के माध्यम से नशे के खिलाफ मुहिम को मजबूती दे रहे हैं। क्रिकेट और फुटबॉल जैसी प्रतियोगिताओं के आयोजन में युवाओं की बढ़ती भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग क्षेत्र को बदनाम करने का प्रयास करते हैं, जबकि यहां के युवा खेलों के माध्यम से समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री वीरवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के चांदपुर में चांदपुर क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने आयोजन समिति और खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं को सही दिशा देने और खेलों के प्रति प्रेरित करने के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता के प्रथम पुरस्कार के लिए अपनी ओर से 51 हजार रुपये देने की घोषणा की।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चांदपुर छोटा गांव है, लेकिन इसे विकास की राह पर आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गांव में दो पुलों का निर्माण करवाया गया है, जिससे लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिली है। उन्होंने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में करीब 500 करोड़ रुपये के पेयजल और सिंचाई संबंधी कार्य चल रहे हैं। चांदपुर में भी दो पेयजल योजनाओं का निर्माण किया गया है। इसके अलावा पूरे विधानसभा क्षेत्र में 18 पुलों का निर्माण कार्य जारी है और विभिन्न सड़कों का भी निर्माण करवाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरोली से रामपुर तक क्षेत्र का सबसे लंबा पुल बनाया गया है, जबकि पंडोगा से त्यूड़ी तक दूसरा बड़ा पुल निर्माणाधीन है। क्षेत्र में प्रशासनिक और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पानी, बिजली और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं के कार्यालय स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही एसडीएम और डीएसपी कार्यालय, सचिवालय, कॉलेज और अस्पताल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली अस्पताल के दूसरे चरण का काम शुरू हो गया है और हरोली कॉलेज में भी दूसरे चरण का निर्माण कार्य आरंभ किया गया है। वर्तमान में कॉलेज में करीब 600 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरोली में विकास का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

चांदपुर में बिजली की समस्या पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिजली संबंधी दिक्कतों की शिकायत उनके ध्यान में लाई गई है। इसके समाधान के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि बिजली की तारों, कम वोल्टेज या ट्रांसफार्मर से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की महिलाओं ने हमेशा उनका साथ दिया है और उनके सहयोग से उन्हें लगातार जनसमर्थन मिलता रहा है।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला परिषद सदस्य ज्योति बाला, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रशांत, ब्लॉक यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शुभम, पालकवाह पंचायत प्रधान अंजना वाला, उपप्रधान अशोक, आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बलवान, महिला मंडल की सदस्याएं और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *