7 मार्च : चम्बा जिले के भटियात उपमंडल की गोला पंचायत में नल से पानी भरने गई एक महिला से सोने के गहने छीनने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार बाडवा गांव की अंजना कुमारी घर के पास नल से पानी भरने गई थी। इसी दौरान जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के निवासी जैल सिंह ने उसका सोने का लॉकेट और कान की बालियां छीन लीं और मौके से फरार हो गया।
महिला के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश कर आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से महिला के छीने गए गहने भी बरामद कर लिए गए, जिनकी कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर सिहुंता थाना में मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है।