अंब के कुठियाड़ी में बेकाबू ट्रक ने चार वाहनों को मारी टक्कर, बैंक अधिकारी दंपती समेत छह घायल

23 अक्तूबर: जिला ऊना के अंब थाना क्षेत्र के तहत कुठियाड़ी मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बेकाबू ट्रक ने एक के बाद एक चार वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एसबीआई की ऊना शाखा में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर कार्यरत बैंक अधिकारी और उनकी पत्नी समेत छह लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का सिविल अस्पताल अंब में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे स्कूटी चालक विशाल (23) निवासी निचला अंदौरा कुठियाड़ी मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान ऊना की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सबसे पहले आगे चल रहे पिकअप ट्राला को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक की चपेट में कार, बाइक और स्कूटी भी आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक कई वाहनों को सड़क पर घसीटता हुआ ले गया।

हादसे के बाद सभी घायलों को सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया गया। दुर्घटना में बाइक चालक अभिषेक (25) निवासी नकड़ोह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया।

अन्य घायलों में स्कूटी चालक विशाल (23), बैंक अधिकारी गोल्डी सिंह (40) और उनकी पत्नी सबिता (35) निवासी पक्का परोह, बाबू राम (61) निवासी हरिपुर तथा आदित्य (23) निवासी हरियाणा शामिल हैं। इन सभी का अंब अस्पताल में उपचार जारी है।

डीएसपी अनिल पटियाल ने हादसे की पुष्टि की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *