कुल्लू में महिला 2.022 किलो चरस के साथ गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही तस्करी का नेटवर्क

23 अक्तूबर: जिला कुल्लू में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जिला डिटेक्शन सेल की टीम ने बरशैणी-तोष सड़क पर जै-जै धार के समीप एक महिला को 2.022 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने बताया कि 22 अक्तूबर को जिला डिटेक्शन सेल की टीम ने हिम ट्रैक/जै-जै धार क्षेत्र में बरशैणी-तोष सड़क पर स्थित पार्किंग के समीप नाकाबंदी की थी। इस दौरान पुलिस ने 39 वर्षीय महिला के कब्जे से 2.022 किलोग्राम चरस बरामद की। आरोपी महिला मूल रूप से नेपाल की निवासी है और वर्तमान में तोष गांव में रह रही थी।

पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर महिला को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस थाना मणिकर्ण में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अब जांच कर रही है कि आरोपी महिला के पास चरस कहां से आई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। साथ ही, नशे की खेप के स्रोत, सप्लाई चेन और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *