7 मार्च: चम्बा जिले में नशे के खिलाफ अभियान के तहत तीसा पुलिस ने नचनोटी क्षेत्र में एक दुकान पर छापा मारकर चरस की खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि नचनोटी निवासी कुलदीप अपनी दुकान में चिकन, अंडा और सब्जी बेचने की आड़ में नशे का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश दी और तलाशी के दौरान वहां रखी आटा चक्की के नीचे छिपाया गया एक स्टील का कंटेनर बरामद किया।
कंटेनर के अंदर से नीले लिफाफे में रखी 494 ग्राम चरस बरामद हुई।
एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना तीसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।