6 मार्च: शाहपुर, 6 मार्च — हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (हाइट) कॉलेज शाहपुर में हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय तीन दिवसीय यूथ फेस्टिवल का शुभारंभ प्रदेश के नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने किया। इस अवसर पर शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आयोजकों की ओर से मुख्यातिथि और अन्य अतिथियों को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि राजेश धर्माणी ने कहा कि इंजीनियरिंग के विद्यार्थी पढ़ाई में व्यस्त रहते हैं, लेकिन उनके सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां भी जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में तकनीक तेजी से बदल रही है, इसलिए विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहना होगा।
उन्होंने तकनीकी संस्थानों में संवाद बढ़ाने के लिए क्लब बनाने और नियमित प्रार्थना सभा आयोजित करने की भी आवश्यकता बताई।
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के डीन प्रो. डॉ. राजेश ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिन तक चलने वाले इस यूथ फेस्टिवल में प्रदेश के करीब 20 सरकारी और निजी तकनीकी कॉलेजों के लगभग 600 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
इस दौरान ड्रामा, स्किट, ग्रुप डांस, फ्री-स्टाइल डांस और सोलो सॉन्ग जैसी कई सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में सचिव तकनीकी शिक्षा बोर्ड अजय पाठक, एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीर बहादुर, हाइट कॉलेज के चेयरमैन रमन कायस्था, एमडी दुष्यंत कायस्था सहित कई गणमान्य लोग और विभिन्न तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।