ब्यास नदी में मिला युवती का शव, गुमशुदगी के बाद चला रेस्क्यू ऑपरेशन

6 मार्च: सुजानपुर क्षेत्र में ब्यास नदी से एक 24 वर्षीय युवती का शव बरामद होने का मामला सामने आया है। युवती के लापता होने की शिकायत कुछ दिन पहले जिला कांगड़ा की पुलिस चौकी आलमपुर में दर्ज करवाई गई थी।

जानकारी के अनुसार 3 मार्च को युवती के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस चौकी आलमपुर में दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार को स्थानीय लोगों ने ब्यास नदी में एक शव तैरता हुआ देखा और इसकी सूचना तुरंत थाना सुजानपुर को दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश धीमान के नेतृत्व में सुजानपुर और आलमपुर पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया। बुधवार रात को नदी में शव की तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद वीरवार को रेस्क्यू टीम ने दोबारा अभियान चलाया और नदी से शव को बरामद कर लिया।

शव मिलने के बाद युवती के परिजनों को मौके पर बुलाया गया, जहां उन्होंने उसकी पहचान मोनिका (24) पुत्री पवन कुमार के रूप में की। बताया जा रहा है कि मृतका अपनी नानी के पास भेड़ी में रहती थी और उसने एमएससी तक की पढ़ाई की थी।

पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *