स्मार्ट मीटर का झटका: मंडी में मेडिकल स्टोर मालिक को 92,746 रुपये का बिजली बिल, व्यापारियों में रोष

5 मार्च : हिमाचल प्रदेश में स्मार्ट मीटरों को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। ताजा मामला मंडी जिले के चैलचौक क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक मेडिकल स्टोर संचालक को 92,746 रुपये का बिजली बिल मिलने से हड़कंप मच गया। भारी-भरकम बिल देखकर दुकानदार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के व्यापारी भी हैरान हैं।

जानकारी के अनुसार, सटखन गांव निवासी सुनील कुमार पिछले कई वर्षों से मेडिकल स्टोर चला रहे हैं। आमतौर पर उनकी दुकान का मासिक बिजली बिल करीब 400 रुपये के आसपास आता था। लेकिन स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद इस बार उनका बिल अचानक बढ़कर 92,746 रुपये पहुंच गया, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए।

सुनील कुमार ने बताया कि सोमवार रात उन्हें बिल का मैसेज मिला था। अगले दिन सुबह जब उन्होंने गूगल पे पर नोटिफिकेशन देखा तो इतनी बड़ी राशि देखकर वे हैरान रह गए। उनका कहना है कि उनकी दुकान में बिजली की खपत पहले की तरह सामान्य ही है, ऐसे में इतना अधिक बिल आना समझ से परे है।

पीड़ित दुकानदार ने बिजली विभाग से बिल की जांच और मीटर रीडिंग की दोबारा जांच कराने की मांग की है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भी चिंता बढ़ गई है और व्यापार मंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों से स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिल में अप्रत्याशित बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। कांगड़ा जिले में विरोध के बाद बिजली बोर्ड ने फिलहाल पहले चरण में केवल अपने कर्मचारियों के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय लिया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *