5 मार्च: सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत कोठिया स्थित प्राचीन गिरेश्वर महादेव मंदिर में सात दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हो गई। 22 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक आयोजित इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत 22 फरवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। पूरे सप्ताह मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना, हवन और कथा प्रवचनों के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। शाम के समय विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कथा वाचक वरूण शर्मा (झांगण, छोगटाली) ने श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा बताते हुए कहा कि यह ग्रंथ भक्ति मार्ग का सर्वोच्च प्रतीक है और मनुष्य को आध्यात्मिक जीवन की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, बाल लीलाओं और कंस वध सहित कई प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया।
उन्होंने नवधा भक्ति—श्रवण, कीर्तन, स्मरण, पादसेवन, अर्चन, वंदन, दास्य, सख्य और आत्मनिवेदन—का महत्व बताते हुए कहा कि इन मार्गों के माध्यम से मनुष्य ईश्वर से जुड़ सकता है।
1 मार्च को हवन-यज्ञ और पूर्णाहुति के साथ कथा का समापन हुआ। इसके बाद आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति और ग्रामवासियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया।