5 मार्च: सदर थाना क्षेत्र के अग्गार गांव में आपसी विवाद के चलते एक 66 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग उस समय घायल हो गए जब वह अपने पोते को स्कूल बस से लेने के लिए सड़क की ओर जा रहे थे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में सीताराम (66) पुत्र ब्याली राम ने बताया कि उनका पोता आर.एन. पब्लिक स्कूल में पढ़ता है और वह रोजाना दोपहर करीब 3 बजे उसे बस से लेने के लिए सड़क तक जाते हैं। घटना वाले दिन भी जब वह घर से निकले, तो रास्ते में उनका पड़ोसी संजीव कुमार बाउंड्री वॉल गिरा रहा था।
आरोप है कि सीताराम को देखते ही संजीव कुमार किसी पुरानी बात को लेकर गुस्से में आ गया और बहस करने लगा। इसी दौरान उसने जमीन से ईंट उठाकर सीताराम के सिर पर मार दी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी ने हाथ में पकड़े औजार से भी उन पर हमला करने की कोशिश की।
बुजुर्ग की आवाज सुनकर उनकी पत्नी संतोष कुमारी और बहू पूजा देवी मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव किया, जिससे आरोपी वहां से हट गया और बड़ी घटना टल गई।
पुलिस ने घायल बुजुर्ग का मेडिकल करवाकर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।