5 मार्च: जिला सोलन के बघाट बैंक प्रबंधन ने अनुशासनहीनता और कार्य में लापरवाही के आरोप में असिस्टेंट जनरल मैनेजर (एजीएम) को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार बैंक प्रबंधन ने 27 फरवरी को एजीएम को सोलन के सलोगड़ा और नौणी के पास धरजा क्षेत्र में दो संपत्तियों को कब्जे में लेने के निर्देश दिए थे, जो बैंक की रिकवरी प्रक्रिया का हिस्सा था।
बताया जा रहा है कि एजीएम ने शनिवार को बैंक अवकाश होने का हवाला देते हुए मौके पर जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद बैंक के प्रबंध निदेशक राजकुमार कश्यप को स्वयं मौके पर जाकर संपत्तियों का कब्जा लेना पड़ा।
सोमवार को हुई बैंक की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स (बीओडी) की बैठक में मामले को गंभीरता से लेते हुए एजीएम को निलंबित करने का निर्णय लिया गया। बैंक अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।