2 मार्च: हमीरपुर जिले के नादौन में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। वार्ड नंबर-4 निवासी नवल अवस्थी के 1992 मॉडल के पुराने स्कूटर (HP-21-1537) पर सोलन जिले के सनवारा टोल प्लाजा पर दो दिनों में 15,000 रुपये के चालान कट गए, जबकि उनका दावा है कि स्कूटर पिछले दो वर्षों से घर पर खराब हालत में खड़ा है।
जानकारी के अनुसार 26 फरवरी को 5,000 रुपये और 27 फरवरी को 10,000 रुपये का चालान जारी हुआ। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने पुराने स्कूटर का इस्तेमाल लंबे समय से नहीं किया है, जिससे नंबर प्लेट के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।
नादौन थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और संबंधित वाहन की पहचान की जाएगी।