2 मार्च: राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी तय करने को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार दोपहर दिल्ली रवाना हो गए। दिल्ली पहुंचते ही उन्होंने एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। इसके अलावा हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी उनकी बैठक प्रस्तावित है, जिसमें प्रत्याशी के नाम पर अंतिम फैसला हो सकता है।
मुख्यमंत्री तीन मार्च को शिमला लौटेंगे। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि पांच मार्च है। यदि भाजपा उम्मीदवार नहीं उतारती है तो चुनाव निर्विरोध हो सकता है, अन्यथा 16 मार्च को मतदान होगा। यह सीट भाजपा सांसद इंदु गोस्वामी का कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त होने के कारण खाली हो रही है।
विधानसभा में वर्तमान संख्या बल के अनुसार कांग्रेस के पास 40 और भाजपा के पास 28 विधायक हैं। कांग्रेस में संभावित उम्मीदवारों के रूप में प्रतिभा सिंह, कौल सिंह ठाकुर समेत अन्य नेताओं के नाम चर्चा में हैं। प्रत्याशी तय होने के बाद ही भाजपा अपनी रणनीति स्पष्ट करेगी।