1 मार्च: शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में एक प्रवासी मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान धनीराम के रूप में हुई है, जो नेपाल से सेब के बागानों में काम करने आया था।
पुलिस के अनुसार जराई गांव के एक बाग मालिक ने शिकायत दर्ज करवाई कि कुछ दिन पहले नेपाल से आया एक परिवार उनके बाग में काम कर रहा था और परिसर में बने शेड में रह रहा था। परिवार में धनीराम, उसका मामा सुरेश, उसकी पत्नी और पांच बच्चे शामिल थे।
शनिवार को जब बाग मालिक शेड में पहुंचे तो परिवार के अन्य सदस्य वहां मौजूद नहीं थे। तलाशी लेने पर धनीराम अचेत अवस्था में मिला, जिसे बाद में मृत घोषित कर दिया गया।
सूचना मिलते ही ठियोग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस लापता परिजनों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।