चुराह में गश्त कर रहे वन मित्र पर हमला, पिकअप सवारों ने डंडों से पीटा; साथी की सूझबूझ से बची जान

26 फरवरी: चंबा जिले के चुराह वनमंडल की खैरना बीट में ड्यूटी के दौरान एक वन मित्र पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पिकअप वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने वन कर्मचारी के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

यह घटना 24 फरवरी की बताई जा रही है। पीड़ित वन मित्र ओम प्रकाश (25), निवासी सागवाड़ी, अपने साथी वन रक्षक सतीश कुमार के साथ नियमित गश्त पर थे। जब वे खैरना गांव के समीप सड़क किनारे स्थित दुकानों के पास पहुंचे, तो अयाल की दिशा से आई एक पिकअप गाड़ी अचानक उनके सामने आकर रुक गई।

शिकायत के अनुसार वाहन से उतरे दो व्यक्तियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान ओम प्रकाश के हाथ और पसलियों में चोटें आईं। मौके पर मौजूद वन रक्षक सतीश कुमार ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।

बताया गया है कि आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी देते हुए सदारूनी की ओर भाग निकले। घायल वन मित्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तीसा में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जहां चोटों की पुष्टि हुई है।

एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि मामले में थाना तीसा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।

घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *