22 फरवरी: जिला शिमला के कुमारसैन थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जोगशा के समीप नेशनल हाईवे-05 पर नाकाबंदी के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, नियमित गश्त और वाहनों की जांच के दौरान एक ऑल्टो कार को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 91.10 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमित कुमार (22), निवासी गांव माहोली, तहसील कुमारसैन तथा राजेश (42), निवासी गांव डमाड़ी, तहसील कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।