17 नवम्बर: रामपुर शहर में बढ़ते अतिक्रमण और अवैध कब्जों के खिलाफ नगर परिषद ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई की। नगर परिषद ने पुलिस बल के सहयोग से विशेष अभियान चलाकर आयुर्वेदिक अस्पताल के समीप से मुख्य बाजार की ओर जाने वाले रास्ते की सीढ़ियों पर निर्धारित सीमा से अधिक जगह घेरकर बैठे करीब 18 सब्जी विक्रेताओं की सब्जियां जब्त कर लीं। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया।
नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि सीढ़ियों पर सब्जियां बेचने वाले विक्रेताओं को पहले भी कई बार निर्धारित सीमा के भीतर रहकर कारोबार करने की हिदायत दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद वे नियमों की अनदेखी कर रहे थे। विक्रेताओं द्वारा निर्धारित जगह से बाहर तक सब्जियां फैलाने के कारण रास्ता संकरा हो गया था। इससे बाजार आने-जाने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, रास्ते पर सब्जियां और कचरा बिखरे रहने से गंदगी भी फैल रही थी।
राजेश शर्मा ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर परिषद कार्यालय में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आम लोगों की परेशानी को देखते हुए मंगलवार को रामपुर पुलिस और नगर परिषद के ठेका सफाई कर्मचारियों के सहयोग से यह संयुक्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद की महिला कर्मचारी भी मौजूद रहीं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान अब रोजाना जारी रहेगा। सब्जी विक्रेताओं को निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना सामान रखने और कारोबार करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई विक्रेता तय सीमा से बाहर सामान फैलाकर रास्ते पर अतिक्रमण करता पाया गया तो उसका सामान जब्त करने के साथ मौके पर चालान भी किया जाएगा।