17 नवम्बर: औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बद्दी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने नालागढ़ उपमंडल के गांव सम्भोवाल में कार्रवाई करते हुए 138.38 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्पेशल सेल की टीम सम्भोवाल क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल से 138.38 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्की चौधरी पुत्र गुरवख्श निवासी गांव घंसौत, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना नालागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लेकर आया था तथा इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। एसपी ने कहा कि बद्दी पुलिस क्षेत्र में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।