17 नवम्बर: जिला हमीरपुर के सुजानपुर में पर्यटन एवं होटल क्षेत्र की प्रसिद्ध कंपनी बारबेक नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में किचन हेल्पर और स्टीवर्ड के कुल 400 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 18 नवंबर को सुबह 11 बजे उप रोजगार कार्यालय सुजानपुर में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि किचन हेल्पर के पदों के लिए 10वीं या 12वीं पास 18 से 30 वर्ष आयु के युवक-युवतियां आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पीएफ और ईएसआई सहित कुल 16 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा।
वहीं, स्टीवर्ड के पदों के लिए फूड एंड सर्विस में एक वर्षीय डिप्लोमा अनिवार्य है। इन पदों के लिए भी 18 से 30 वर्ष आयु के युवक-युवतियां पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को खाने-रहने की सुविधा सहित कुल 20 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी, जिनका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है, वे अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों और हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। भर्ती संबंधी अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर संपर्क किया जा सकता है।