20 फरवरी: कोटगढ़ वन मंडल के अंतर्गत कुमारसैन की शिवान बीट के जंगलों में गुरुवार को आग लगने की घटना सामने आई। शुष्क मौसम और तेज हवाओं के कारण आग ने कुछ ही घंटों में व्यापक क्षेत्र को प्रभावित किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चीड़ के पेड़ों सहित अन्य वनस्पति को नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने जंगल से धुआं उठता देख वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण आग बुझाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। विभागीय कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास जारी रहे।
घटना में वन्यजीवों और पक्षियों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वन परिवेक्षक अधिकारी अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में मानवजनित कारण सामने आते हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगलों में आग न जलाएं तथा ज्वलनशील वस्तुएं खुले में न फेंकें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को देने का आग्रह किया गया है।