16 फरवरी: जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरमौर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना पुरुवाला के अंतर्गत पुलिस चौकी सिंघपुरा की टीम ने गश्त के दौरान 835 ग्राम चरस के साथ तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंघपुरा चौकी की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान खोदरी माजरी मार्ग से गांव गोजर की ओर पैदल जा रही तीन महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस को देखकर वे घबराकर वापस मुड़ने लगीं। संदेह के आधार पर रोके जाने पर तलाशी ली गई, जिसमें उनके कब्जे से 835 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान शानु राय पत्नी हरी दास निवासी शाहपुर कल्याणपुर धर्मावाला, डाकघर हर्बटपुर, तहसील विकासनगर; बबीता पत्नी मनोज निवासी भीमावाला, डाकघर विकासनगर; तथा आशिया परबीन पत्नी तासीन अली निवासी विद्यापीठ मार्ग, विकासनगर (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद चरस को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशा कहां से लाया गया था और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
सिरमौर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।