26 नवम्बर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (एमवाई भारत), ऊना के तत्वावधान में सुधा मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंब में संविधान दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय पैरा-एथलीट निषाद कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। मेरा युवा भारत ऊना के जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने मुख्य अतिथि निषाद कुमार, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों का स्वागत किया। इसके बाद आयोजकों की ओर से निषाद कुमार को स्मृति चिह्न, टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निषाद कुमार ने अपने संघर्ष और अंतरराष्ट्रीय खेल जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एडवोकेट शिखा ने भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करता है। युवाओं को संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
वहीं, युवा कार्यकर्ता एवं सोशल मीडिया प्रभावक आकाश ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया। समारोह के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन भी किया। कार्यक्रम का मंच संचालन युवा पुरस्कार विजेता सुंदर कोंडल चुरूरू ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में सुधा मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधन और स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनु राज, रचिका कंवर, वरुण कुमार, सुंदर कुमार कोंडल, मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक अंकुश, आरुषि, अमन और ऋषभ सहित शिक्षक एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।