26 नवम्बर: जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी की पीणी पंचायत के एक गांव में बुधवार दोपहर बाद अचानक आग लगने से बड़ा अग्निकांड हो गया। आग की चपेट में आने से लाल चंद और डोले का संयुक्त अढ़ाई मंजिला मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। मकान में रखा सारा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर बाद मकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। मकान से आग की ऊंची लपटें उठती देख ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही फायर चौकी जरी से अग्निशमन विभाग की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। ग्रामीणों और अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना बाकी है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।