प्राकृतिक मक्की की सरकारी खरीद से किसानों को मिला भरोसा, ऊना में 50 रुपये किलो के भाव से खरीदी 150.8 क्विंटल फसल

23 नवम्बर: ऊना जिले में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की 50 रुपये प्रति किलो के समर्थन मूल्य पर खरीद रही है। इसके तहत ऊना जिले में इस सीजन अब तक 50 किसानों से कुल 150.8 क्विंटल मक्की खरीदी जा चुकी है।

जिले के लोअर बढेड़ा गांव के किसान रघुवीर सिंह पिछले 13 वर्षों से 12 कनाल भूमि पर प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। इस वर्ष उन्होंने छह क्विंटल मक्की सरकारी खरीद केंद्र पर 50 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेची है। उनका कहना है कि प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों का उचित मूल्य मिलने से किसानों को इस पद्धति को अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

ऊना जिले में रामपुर और टकारला अनाज मंडियों के माध्यम से प्राकृतिक मक्की की सरकारी खरीद की जा रही है। कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के तहत हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के सहयोग से यह व्यवस्था की गई है। किसानों को उपज बेचने पर रसीद दी जा रही है, जबकि भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।

सलोह गांव के किसान अशोक कुमार ने भी चार क्विंटल मक्की 50 रुपये प्रति किलो के भाव से बेची है। सरकारी खरीद व्यवस्था से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए एक भरोसेमंद माध्यम उपलब्ध हुआ है।

वर्तमान में ऊना जिले में 10,608 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं और करीब 1,460 हेक्टेयर भूमि पर इस पद्धति से खेती की जा रही है। किसान अपनी जरूरत के अनुसार गेहूं, मक्की और हल्दी सहित विभिन्न फसलें उगा रहे हैं। वहीं, अतिरिक्त उपज बेचने के इच्छुक किसानों को आत्मा परियोजना के माध्यम से सरकारी खरीद व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है।

प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए गेहूं, जौ, हल्दी और अदरक के समर्थन मूल्य में भी बढ़ोतरी की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *