मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी जी का हरिद्वार में अंतिम संस्कार, छोटे भाई ने दी मुखाग्नि

21 नवम्बर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को उत्तराखंड के हरिद्वार में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 91 वर्षीय सावित्री देवी ने शुक्रवार को लंबी बीमारी के बाद पौड़ी जिले के अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली थी। उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार के चंडीघाट स्थित नमामि गंगे घाट पर किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। योगी आदित्यनाथ के छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट ने मां की चिता को मुखाग्नि दी।

अंतिम संस्कार के दौरान योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। इससे पहले मां के निधन की सूचना मिलने पर वह शुक्रवार शाम अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे और मां के अंतिम दर्शन किए थे। शनिवार सुबह उन्होंने मां के पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया।

अंतिम विदाई में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। इसके अलावा योगगुरु बाबा रामदेव, परमार्थ निकेतन के प्रमुख चिदानंद सरस्वती, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी और विभिन्न अखाड़ों के साधु-संतों ने भी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी।

योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर मां के पार्थिव शरीर को कंधा देते हुए एक तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने संस्कृत का श्लोक लिखा, जिसका भावार्थ है कि माता के समान कोई छाया, सहारा, रक्षक और प्रिय नहीं होता। सावित्री देवी के परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं। योगी आदित्यनाथ चार भाइयों में दूसरे नंबर पर हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *