चुराह में 1 किलो 318 ग्राम चरस के साथ व्यक्ति गिरफ्तार, तीसा में SIU ने दबोचा आरोपी

21 नवम्बर: जिला चंबा के चुराह उपमंडल में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) की टीम ने तीसा क्षेत्र में एक व्यक्ति को 1 किलो 318 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 44 वर्षीय जय सिंह पुत्र पूर्ण निवासी गांव दुदरा, डाकघर गनेड़, तहसील चुराह के रूप में हुई है। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार एसआईयू चंबा की टीम तीसा क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस ने हिमगिरी-नकरोड़ के समीप खखड़ी डैम के पास मुख्य सड़क पर नाका लगाया हुआ था। टीम आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पैदल आ रहे एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 318 ग्राम चरस बरामद हुई।

इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी जय सिंह को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई इंस्पेक्टर गगन, हेड कांस्टेबल योगराज और एसआईयू टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस कहां से लाया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।

गौरतलब है कि चुराह उपमंडल में चरस तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पुलिस और विशेष टीमों की ओर से क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में भी पुलिस तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *