मंडी के अग्निवीर साहिल कुमार का महाराष्ट्र में निधन, नाचन में राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

21 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के नाचन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत छातर के गांव साई (ग्वाल जरेल) निवासी अग्निवीर साहिल कुमार का महाराष्ट्र में सैन्य प्रशिक्षण के दौरान निधन हो गया। शुक्रवार शाम को उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

साहिल कुमार पुत्र रोशन लाल भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए थे और महाराष्ट्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने से उनका निधन हो गया। साहिल दो बहनों के इकलौते भाई थे। उनके पिता रोशन लाल फोर व्हीलर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे के सेना में भर्ती होने से परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन इस दुखद घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

साहिल के निधन की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके पैतृक घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान नायब तहसीलदार सुंदरनगर आदित्य गुलेरिया, अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के अध्यक्ष लाल सिंह कौशल, महादेव वृत्त के कानूनगो सुरेंद्र ठाकुर और विकास खंड धनोटू के एसईपीओ मनोज कुमार सहित अन्य प्रतिनिधियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *