21 नवम्बर: धर्मशाला। निर्वासित तिब्बती संसद की स्पीकर डोलमा सेरिंग के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने 20 नवंबर को हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार भेंट की। इससे पहले प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा की विशिष्ट दीर्घा से सदन की कार्यवाही देखी। विधानसभा अध्यक्ष ने सदन में प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों का नाम सहित परिचय करवाते हुए उनकी उपस्थिति की जानकारी दी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में निर्वासित तिब्बती संसद के सांसद यूंचोक चोडोन, टेन्पा यारफोल, लोपोन थूबन, गेशे हरांपा, गेशे अतोंग रिंचन, चोडक ग्यात्सो और यालसन चोकिये सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान स्पीकर डोलमा सेरिंग ने कुलदीप सिंह पठानिया को पवित्र खाता और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विधायक संजय रत्न को भी खाता भेंट किया गया।
शिष्टाचार भेंट के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से सदन की कार्यवाही को लेकर उनके अनुभव पूछे। इस पर डोलमा सेरिंग ने कहा कि विपक्ष के सदस्य सदन में अपना विरोध जता रहे थे, इसके बावजूद विधानसभा अध्यक्ष मुस्कराते हुए शांत स्वभाव से कार्यवाही का संचालन कर रहे थे। उन्होंने इसे आज की सबसे बड़ी सीख बताया और पठानिया की कार्यशैली की सराहना की।
इस पर कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सदन में सदस्यों को चर्चा करने, विरोध जताने और सुझाव देने का पूरा अधिकार है। उनका दायित्व सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाना है, जिसके लिए कई बार सख्त भी होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा की अपनी गरिमा है और सभी सदस्य इसका सम्मान करते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल से दलाई लामा के कुशलक्षेम के बारे में भी जानकारी ली तथा उन्हें हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यप्रणाली और गतिविधियों से अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने सदन की कार्यवाही देखने की अनुमति देने के लिए विधानसभा अध्यक्ष का आभार जताया।