21 नवम्बर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को डॉ. राजेन्द्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में 23.53 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई मशीन जनता को समर्पित की। इस मशीन के शुरू होने से मरीजों को अब पहले से अधिक आधुनिक और सटीक जांच सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है और सरकार का प्रयास है कि लोगों को प्रदेश में ही बेहतर एवं विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिलें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज में यह दूसरी एमआरआई मशीन है। इससे पहले यहां 1.5-टेस्ला एमआरआई मशीन के माध्यम से मरीजों को जांच की सुविधा मिल रही थी। नई 3-टेस्ला एमआरआई मशीन से जांच क्षमता बढ़ेगी और शरीर की आंतरिक संरचनाओं की अधिक स्पष्ट तस्वीरें प्राप्त हो सकेंगी। इससे जटिल बीमारियों का सटीक निदान करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह मशीन टांडा मेडिकल कॉलेज की नैदानिक क्षमताओं को मजबूत करने के साथ इसे प्रदेश के अग्रणी चिकित्सा एवं सुपर स्पेशियलिटी संस्थानों में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने और लोगों को आधुनिक, किफायती व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि मरीजों को उपचार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और चिकित्सा महाविद्यालयों में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने संस्थान में अत्याधुनिक सर्जरी के लिए नए रोबोटिक आर्म्स उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं बिना प्रतीक्षा अवधि के उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने टांडा मेडिकल कॉलेज को 256 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि चिकित्सा महाविद्यालय में विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया है और शेष श्रेणियों के कर्मचारियों को भी जल्द पदोन्नति देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से इस वर्ष 320 पीजी सीटें बढ़ाई गई हैं। इससे प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटों की संख्या 277 से बढ़कर 597 हो गई है। मुख्यमंत्री ने कॉलेज के चिकित्सकों की सराहना करते हुए संस्थान में सफलतापूर्वक किए गए 28 किडनी प्रत्यारोपण को भी बड़ी उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली, पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, एपीएमसी कांगड़ा के अध्यक्ष निशु मोंगरा, स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी, टांडा मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मिलाप सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।