21 नवम्बर:एटीसी शाहपुर में 18 से 20 नवंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रकृति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला कांगड़ा के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के 45 विद्यार्थियों और 10 एस्कॉर्ट अध्यापकों ने भाग लिया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ वैज्ञानिक सोच और व्यावहारिक ज्ञान को प्रोत्साहित करना रहा।
शिविर में चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस की क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के अलावा नौवीं और दसवीं कक्षा के विज्ञान विषय के टॉपर्स शामिल हुए। इनमें शाहपुर ब्लॉक के लंज, लपियाणा, परगोड, कोटला और धारकलां सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल रहे।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक स्थलों का भ्रमण करवाया गया। उन्होंने धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा का दौरा कर लोकतांत्रिक व्यवस्था, विधानसभा की कार्यप्रणाली और विधायी प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद गमरू स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में गंदे पानी के उपचार, जल संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया को समझा। विद्यार्थियों ने भागसू स्थित डल झील और मैकलोडगंज स्थित दलाई लामा मंदिर परिसर का भी भ्रमण किया तथा क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन महत्व के बारे में जाना।
शिविर के दूसरे दिन विद्यार्थियों को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) शाहपुर का भ्रमण करवाया गया, जहां उन्हें विभिन्न तकनीकी ट्रेडों, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण की जानकारी दी गई। इसके अलावा विद्यार्थियों ने कांगरी डैम का भी भ्रमण किया।
शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने, प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। शिविर को सफल बनाने में एटीसी शाहपुर की वैज्ञानिक अधिकारी सुनंदा पठानिया, वरिष्ठ वैज्ञानिक सहायक रीनू जसवाल, डाटा एंट्री ऑपरेटर सुमन कुमारी और केंद्र के समस्त स्टाफ ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।