18 नवम्बर: उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को हमीरपुर जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महल, लंबलू और भुक्कड़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं का जायजा लिया और बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने स्कूलों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों तथा स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने स्कूल परिसरों में संचालित प्री-प्राइमरी कक्षाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर वहां बच्चों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में सुविधाओं के विस्तार और आवश्यक सुधारों को लेकर प्रधानाचार्यों को दिशा-निर्देश भी जारी किए।