भरमौर की रूणहकोठी पंचायत में खाई में गिरने से ऊना के शिक्षक की मौत, जनवरी में घर आने वाला था नन्हा मेहमान

18 नवम्बर: चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर की रूणहकोठी पंचायत में एक दर्दनाक हादसे में ऊना निवासी युवा शिक्षक की मौत हो गई। बुधवार सुबह शिक्षक का शव करीब 150 मीटर गहरी खाई से नीचे सड़क पर बरामद हुआ। मृतक की पहचान अमित कुमार पुत्र निवासी गांव हीरानगर, डाकघर अंब, जिला ऊना के रूप में हुई है। वह पिछले करीब चार वर्षों से भरमौर क्षेत्र में टीजीटी (नॉन-मेडिकल) शिक्षक के पद पर सेवाएं दे रहे थे। उनके आकस्मिक निधन से स्कूल सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात अमित कुमार जन्मदिन की पार्टी के बाद गुरुकुल स्थित अपने आवास की ओर लौट रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि रास्ते में अंधेरा होने के कारण उनका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह करीब 150 मीटर नीचे सड़क पर जा गिरे। बुधवार सुबह वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने सड़क पर उनका शव देखा और इसकी सूचना स्थानीय पंचायत प्रधान को दी। इसके बाद पुलिस थाना भरमौर को सूचित किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और आगामी कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।

इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि अमित कुमार ने हादसे से एक दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाया था। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल के बच्चों को खीर भी खिलाई थी। मिलनसार स्वभाव के चलते वह विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। जन्मदिन की खुशियां मनाने के कुछ ही घंटों बाद उनके निधन की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया।

अमित कुमार अपने पीछे गर्भवती पत्नी और एक छोटी बेटी छोड़ गए हैं। परिवार में जनवरी माह में दूसरे बच्चे का जन्म होने वाला था और सभी नए मेहमान के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे। ऐसे में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ ही समय बाद नन्हे मेहमान की किलकारियां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *