18 नवम्बर: भोरंज के भरेड़ी खेल मैदान में 27 नवंबर को उपमंडल स्तरीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जाएगा। रेडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडलीय इकाई जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से इस मेले का आयोजन करेगी। मेले के सफल आयोजन के लिए उपमंडल प्रशासन और विभिन्न विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इस संबंध में तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों और रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा, ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने सभी वृत्त पर्यवेक्षकों को आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही युवक मंडलों, महिला मंडलों और अन्य सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। मेले में स्वयंसेवी संस्थाओं और वीनस फाउंडेशन का भी विशेष सहयोग रहेगा।
तहसीलदार ने कहा कि मेले के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रेडक्रॉस सोसाइटी से जोड़ने के साथ उन्हें आजीवन सदस्य और संरक्षक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य करती है। आम लोग भी सोसाइटी से जुड़कर अंशदान कर सकते हैं। उनका छोटा-सा योगदान किसी जरूरतमंद के लिए बड़ी मदद साबित हो सकता है।
बैठक में सीडीपीओ सुनील कुमार, नायब तहसीलदार रवि कुमार, कृषि विभाग की एसएमएस मोनिका शर्मा, आईसीडीएस के वृत्त पर्यवेक्षक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।