तिरंगे के रंग वाला मार्कर जेब में रख पीएम मोदी ने जीता दिल,ट्रंप से बातचीत का अंदाज भी बना सुर्खियां

18 नवम्बर: फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड नेताओं के सामूहिक फोटो सेशन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो खास अंदाज चर्चा का विषय बने हुए हैं। इन दोनों घटनाओं के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। पहली घटना में पीएम मोदी जमीन पर रखे भारतीय तिरंगे के रंगों वाले मार्कर को उठाकर अपनी जेब में रखते नजर आए, जबकि दूसरी घटना में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पूछा, ‘क्या हम आगे बढ़ें?’

दरअसल, क्वाड नेताओं के फोटो सेशन के दौरान सभी नेताओं के खड़े होने की जगह निर्धारित करने के लिए जमीन पर अलग-अलग रंगों के मार्कर लगाए गए थे। इनमें भारतीय तिरंगे के रंगों वाला मार्कर भी शामिल था। प्रधानमंत्री मोदी की नजर जब इस मार्कर पर पड़ी तो उन्होंने झुककर उसे उठा लिया और अपनी जेब में रख लिया। उनका यह छोटा-सा कदम कैमरे में कैद हो गया। सोशल मीडिया पर लोग इसे तिरंगे के रंगों के प्रति उनके सम्मान और संवेदनशीलता से जोड़कर देख रहे हैं।

वहीं, फोटो सेशन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। इसी बीच प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे अंग्रेजी में पूछा, ‘Shall we move?’ यानी क्या हम आगे बढ़ें? दोनों नेताओं के बीच हुआ यह छोटा-सा संवाद भी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया।

इस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें एक सख्त और मजबूत नेता बताया। हालांकि, ट्रंप की इस टिप्पणी पर पीएम मोदी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

प्रधानमंत्री मोदी के मार्कर उठाकर जेब में रखने वाले पल की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। कई यूजर्स उनकी तारीफ करते हुए प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘एक ही दिल है मोदी जी, कितनी बार जीतोगे!’ सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को राष्ट्रीय ध्वज के रंगों के प्रति सम्मान से जोड़ रहे हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *