17 नवम्बर: बिलासपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने नौणी चौक के समीप एक ट्रक से 6.05 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में ट्रक सवार जिला सोलन के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मेहर चंद (29) निवासी गांव सकोर, डाकघर बेरल, तहसील अर्की और सुनील कुमार (24) निवासी गांव मटरेच, डाकघर बेरल, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सदर थाना बिलासपुर की पुलिस टीम ने नौणी चौक के समीप नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी बीच पुलिस ने एक ट्रक (एचपी 62ए-7067) को जांच के लिए रोका। ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 6.05 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के माध्यम से चिट्टे की सप्लाई के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।